जमशेदपुर में तीन दिवसीय ध्यान शिविर का समापन, 200 से अधिक साधकों ने लिया भाग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।पिरामिड स्पिरिचुअल सोसाइटी मूवमेंट के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय ध्यान शिविर का रविवार को भव्य समापन हो गया। 30 जनवरी से 1 फरवरी तक चले इस शिविर में जमशेदपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से आए करीब 200 साधकों ने सहभागिता की।
शिविर में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे वरिष्ठ पिरामिड मास्टर्स राम राजू, माधवी नडेला, शाम्पा मुखर्जी, रूप झुंझुनूवाला, देबजानी गिरी और अलेख्या शास्त्री ने ध्यान सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम के दौरान पिरामिड ऊर्जा विज्ञान, मानसिक शांति, शारीरिक स्वास्थ्य और आध्यात्मिक चेतना पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने बताया कि पिरामिड के नीचे ध्यान करने से एकाग्रता बढ़ती है और सकारात्मक ऊर्जा का प्रभाव बढ़ता है।
इसके साथ ही शाकाहार एवं सात्विक जीवनशैली को आध्यात्मिक विकास के लिए आवश्यक बताया गया। प्रतिभागियों ने ध्यान अभ्यास से तनाव में कमी, मानसिक स्थिरता और आंतरिक शांति का अनुभव होने की बात कही।

