मन्नू को जेल भेजे जाने पर स्कूली वाहन संचालकों का विरोध, पुलिस ने निष्पक्ष जांच का दिया आश्वासन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।बिरसानगर थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में आरोपी मन्नू को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस कार्रवाई के विरोध में जमशेदपुर स्कूली वाहन सेवा संचालन समिति के बैनर तले बड़ी संख्या में स्कूली वाहन संचालक बिरसानगर थाना परिसर पहुंचे और पुलिस कार्रवाई के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान थाना प्रभारी संतोष कुमार ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्दोषों को फंसाया नहीं जाएगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर शांत कराया और भरोसा दिलाया कि कानून के दायरे में रहकर आगे की जांच जारी रहेगी।
पुलिस के अनुसार उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। इधर, इस घटना के बाद शहर में स्कूली वाहनों की सुरक्षा और बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बहस तेज हो गई है। अभिभावकों व सामाजिक संगठनों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई के साथ-साथ बच्चों की सुरक्षा के लिए कड़े मानक और प्रभावी निगरानी तंत्र लागू करने की मांग की है।

