नगरपालिका (आम) चुनाव–2026: नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ, पहले दिन खरीदे गए सैकड़ों प्रपत्र
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर नगरपालिका (आम) चुनाव–2026 को लेकर नामांकन की प्रक्रिया गुरुवार से प्रारंभ हो गई। नामांकन के प्रथम दिन विभिन्न नगर निकायों में महापौर, अध्यक्ष एवं वार्ड सदस्य पदों के लिए अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मानगो नगर निगम क्षेत्र में महापौर पद के लिए कुल 6 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदा, जबकि वार्ड सदस्य पद के लिए 120 अभ्यर्थियों ने नामांकन प्रपत्र लिया।
जुगसलाई नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए कुल 6 तथा वार्ड सदस्य पद के लिए 18 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदा।
वहीं चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में अध्यक्ष पद के लिए 3 तथा वार्ड सदस्य पद के लिए 22 अभ्यर्थियों ने नामांकन प्रपत्र खरीदा।
प्रथम दिन जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदने वालों में निलोफर हुसैन, डौली मलिक, अर्चना दूबे, मुस्सर्रत खातुन और बलबीर कौर प्रमुख रहीं।
इसी तरह मानगो नगर निगम महापौर पद के लिए नामांकन प्रपत्र खरीदने वालों में कुमकुम श्रीवास्तव, साईस्ता परवीन, अनीता देवी, काकोली महतो, जेबा कादरी और रायमुनी सुंडी शामिल हैं।
वहीं चाकुलिया नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए संध्या रानी सरदार, सुजाता मुर्मू और शीलावती टुडू ने नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदा।
नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन से ही नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और आने वाले दिनों में नामांकन को लेकर और अधिक गतिविधियां देखने को मिलने की संभावना है।

