रेडियंट झारखंड 2.0 प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ, हजारों छात्रों व युवाओं ने किया भ्रमण
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।होटल रामाडा में आयोजित तीन दिवसीय रेडियंट झारखंड 2.0 मेगा प्रदर्शनी का उद्घाटन अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन व फीता काटकर किया। पहले ही दिन लगभग 6 हजार विद्यार्थियों व युवाओं ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया, वहीं आईसीएमआर स्टॉल पर छात्रों की विशेष भीड़ देखने को मिली।
मुख्य अतिथि लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार झा ने कहा कि यह प्रदर्शनी समाज के हर वर्ग के लिए उपयोगी है। खासकर युवाओं के लिए करियर, शिक्षा और कौशल विकास से जुड़े स्टॉल मार्गदर्शन का बेहतर माध्यम हैं, जबकि किसानों के लिए कृषि संबंधी स्टॉल ज्ञानवर्द्धक हैं।
विज़ुअल मिथ्स के चेयरमैन वनीश गुप्ता और प्रोजेक्ट डायरेक्टर किंजल गांधी ने बताया कि प्रदर्शनी 31 जनवरी 2026 तक चलेगी। इसमें सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों (PSUs), केंद्र व राज्य सरकार के विभागों, शैक्षणिक संस्थानों और तकनीकी संगठनों के स्टॉल लगे हैं, जहां योजनाओं, नवाचारों और करियर अवसरों की जानकारी दी जा रही है। प्रदर्शनी आम जनता के लिए निःशुल्क, प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक खुली रहेगी।
प्रदर्शनी का एक प्रमुख आकर्षण गुजरात हथकरघा एवं हस्तशिल्प के मास्टर कारीगरों द्वारा प्रदर्शित पारंपरिक उत्पाद हैं, जो भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते हैं। यह आयोजन युवाओं को जानकारी, मार्गदर्शन और अवसरों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।

