श्री सिद्धेश्वरी शमशान काली परिसर में 18 भुज दुर्गा की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न, 28 से भक्तों के लिए मंदिर खुलेगा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।श्री श्री सिद्धेश्वरी शमशान काली माता मंदिर परिसर स्थित बगलामुखी माता मंदिर, काल भैरव एवं भैरवी मंदिर में 18 भुज दुर्गा माता की प्राण प्रतिष्ठा विधि-विधान के साथ संपन्न की गई। यह धार्मिक अनुष्ठान मकर संक्रांति से गुप्त नवरात्र तक चला, जिसमें बंगाल से आए विद्वान पुरोहितों एवं मंदिर के महंत श्री सीताराम चौधरी द्वारा पूजा-अर्चना कराई गई।
नवमी तिथि के अवसर पर हवन, वैदिक मंत्रोच्चार एवं कुंवारी कन्या पूजन के साथ प्राण प्रतिष्ठा पूर्ण की गई। श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या ने इस पावन अवसर पर सहभागिता की और माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर प्रबंधन के अनुसार विजयादशमी अनुष्ठान के उपरांत 28 जनवरी से मंदिर आम भक्तों के लिए खोल दिया जाएगा, जिससे श्रद्धालु 18 भुज दुर्गा माता सहित सभी देवी-देवताओं के दर्शन कर सकेंगे। धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।

