रात की नींद बनी मौत की आगोश, रुतडीह गांव में घर में लगी आग से महिला की दर्दनाक मौत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुर पंचायत के रुतडीह गांव में शुक्रवार रात करीब 10 बजे एक हृदयविदारक हादसे में 45 वर्षीय महिला सुबोला सरदार की जलकर मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल छा गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार रात के समय घर में मिट्टी तेल की डिबरी जल रही थी और परिवार के सदस्य सो रहे थे। इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते उसने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों में घिरने से सुबोला सरदार गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजन उन्हें तत्काल राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर रेफर कर दिया। दुर्भाग्यवश अस्पताल ले जाने के क्रम में ही महिला ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही राजनगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। इस दर्दनाक घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है।

