दोस्ती निभाने गया युवक मौत के सफर पर लौटा, कालाडूंगरी के पास सड़क हादसे में गई जान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत कालाडूंगरी के समीप शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान चांडिल प्रखंड के बंसा गांव निवासी गनत लोहार के पुत्र वैद्यनाथ लोहार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वैद्यनाथ अपने एक मित्र को उसके गांव छोड़ने के लिए कालाडूंगरी आया था। दोस्त को सुरक्षित छोड़ने के बाद जब वह वापस लौट रहा था, तभी घाघी के समीप पुलिया के पास उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे पुल के नीचे जा गिरी। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने पुलिया के नीचे युवक और बाइक को गिरा देख घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सरायकेला भेज दिया और परिजनों को सूचित किया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

