पोटका में सरस्वती पूजा की धूम, विधायक संजीव सरदार ने दर्जनभर पंडालों का किया उद्घाटन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका / जमशेदपुर। पोटका विधानसभा क्षेत्र में सरस्वती पूजा का पर्व पूरे उत्साह, श्रद्धा और सांस्कृतिक उल्लास के साथ मनाया गया। विधायक संजीव सरदार ने जमशेदपुर व पोटका प्रखंड के विभिन्न पंचायतों और गांवों में आयोजित दर्जनभर से अधिक सरस्वती पूजा पंडालों का फीता काटकर उद्घाटन किया और मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
उन्होंने पूर्वी घाघीडीह पंचायत के बेड़ादीपा स्थित सेवन स्टार क्लब, ज्ञान केंद्र लाइब्रेरी एवं कोचिंग सेंटर, आसानबनी पंचायत के आसानबनी गांव, जुड़ी पंचायत के दुर्गा मंदिर परिसर सहित कई पूजा पंडालों का उद्घाटन किया।
सरस्वती पूजा ज्ञान और संस्कार का पर्व : संजीव सरदार
विधायक ने कहा कि मां सरस्वती विद्या, बुद्धि और कला की देवी हैं। सरस्वती पूजा हमारी संस्कृति और संस्कारों का प्रतीक है। शिक्षा से ही समाज और क्षेत्र का समग्र विकास संभव है, इसलिए छात्र-छात्राएं ज्ञान को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाएं।
रक्तदान शिविर में भी हुए शामिल
इसी क्रम में विधायक संजीव सरदार नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर परसुडीह-हालुदबनी में आयोजित एकदिवसीय रक्तदान शिविर में भी शामिल हुए। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। इस अवसर पर जगत मार्डी, तरुण सरद्वार, अनुपम मंडल, मनोज नाहा सहित अन्य उपस्थित थे।

