करीम सिटी कॉलेज में फाउंडर्स डे का भव्य आयोजन, शिक्षण उपलब्धियों का हुआ प्रस्तुतीकरण
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 21 जनवरी 2026।
करीम सिटी कॉलेज, साकची, जमशेदपुर के ऑडिटोरियम में संस्था के संस्थापक स्वर्गीय सैयद तफज्जुल करीम की 62वीं पुण्यतिथि के अवसर पर “Founder’s Day” के रूप में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ट्रस्टी सैयद अशफाक करीम एवं सैयद मंसूर अली विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ हाफिज मोहम्मद वालीउल्लाह द्वारा तिलावत-ए-कुरान से हुआ। करीम ट्रस्ट से संबद्ध सभी शिक्षण संस्थानों ने अपने संस्थापक के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की और वर्ष भर की शैक्षणिक गतिविधियों व उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण किया। मिडिल स्कूल की प्रधानाध्यापिका तलत बानो, हाई स्कूल की प्रधानाध्यापिका वहीदा तबस्सुम तथा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मोहम्मद रेयाज ने संस्थानों की प्रगति से अवगत कराया।
ट्रस्टी सैयद अशफाक करीम ने शिक्षकों एवं प्राध्यापकों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था निरंतर यह आत्ममंथन कर रही है कि “हम कहां थे, कहां हैं और हमें कहां जाना है।” इससे पूर्व डॉ. मोहम्मद जकरिया एवं सैयद मंसूर अली ने भी सभा को संबोधित किया।
अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं और विशेष उपलब्धि हासिल करने वालों को सम्मानित किया गया। साथ ही 25 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले शिक्षक एवं कर्मचारियों को भी उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. एस.एम. यहिया इब्राहीम ने किया, जबकि समापन कॉलेज तराना और राष्ट्रगान के साथ हुआ।

