दलमा वन्य प्राणी आश्रयणी में दुर्लभ मांसाहारी पौधों की खोज, बढ़ी जैव विविधता की पहचान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।दलमा वन्य प्राणी आश्रयणी में दुर्लभ मांसाहारी पौधों की मौजूदगी सामने आने से वन विभाग और शोधकर्ताओं में खुशी का माहौल है। हाथियों के सुरक्षित आवास के रूप में प्रसिद्ध दलमा अब जैव विविधता की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण साबित हो रहा है।
पटमदा क्षेत्र में ड्रोसेरा बर्मानी (Drosera burmannii) नामक मांसाहारी पौधे की पहचान की गई है, जबकि बालीगुमा और कोंकादाशा क्षेत्र में यूटिकुलेरिया (Utricularia) प्रजाति भी पाई गई है। ये पौधे कीटों और सूक्ष्म जीवों को पकड़कर उनसे पोषण प्राप्त करते हैं, जिससे पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में मदद मिलती है।
फॉरेस्ट गार्ड सह शोधार्थी राजा घोष के अनुसार, इस खोज की जानकारी वरीय अधिकारियों को दे दी गई है और पौधों के संरक्षण को ध्यान में रखते हुए संबंधित क्षेत्रों में मानव प्रवेश को नियंत्रित किया जाएगा। वन विभाग का कहना है कि यह खोज दलमा के प्राकृतिक हैबिटाट की समृद्धि और बेहतर संरक्षण व्यवस्था का प्रमाण है, जो भविष्य में शोध और संरक्षण के नए अवसर भी प्रदान करेगी।

