गम्हरिया इंग्लिश स्कूल में एडवांस कंप्यूटर लैब का शुभारंभ
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गम्हरिया। शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए गम्हरिया इंग्लिश स्कूल में मंगलवार को अत्याधुनिक एडवांस कंप्यूटर लैब का शुभारंभ किया गया। इस लैब के माध्यम से अब छात्रों को कोडिंग के साथ-साथ आर्टिफीशियल इंटेलीजेंस (एआई) और रोबोटिक्स का बेसिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। ज्ञातव्य है कि इस लैब के खुलने से गम्हरिया इंग्लिश स्कूल पूरे क्षेत्र का पहला और एकमात्र विद्यालय बन गया है जहाँ विद्यालय स्तर पर ही एआई और रोबोटिक्स जैसी भविष्य की तकनीकों की शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। इस मौके पर विद्यालय की वाइस चेयरपर्सन रिंकु रॉय ने कहा कि इस स्कूल का उद्देश्य हमेशा से कम से कम शुल्क में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण के साथ अत्याधुनिक तकनीकी उपलब्ध कराना रहा है। बच्चों को सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं, बल्कि मूल्य आधारित शिक्षा, तकनीकी दक्षता, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियाँ और नैतिक शिक्षा इन सभी क्षेत्रों में मजबूत बनाना है। कहा कि आने वाले समय में यह स्कूल देश के कुछ प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ मिलकर कैरियर ओरिएंटेड कोर्स को नाममात्र शुल्क पर शुरू करने जा रहा है। विशेष रूप से ग्यारहवीं के छात्रों के लिए अत्याधुनिक शिक्षण व्यवस्था, डिजिटल क्लासरूम, स्मार्ट लैब और मार्गदर्शन प्रणाली उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे छात्र बारहवीं पास करते ही अपने लिए सही मार्ग का चयन कर सकें। इस मौके पर विद्यालय के सभी शिक्षक- शिक्षिकाएं मौजूद थे।

