मंत्री दीपक बिरुवा के नाम से फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, ठगी की कोशिश से मचा हड़कंप
राष्ट्र संवाद संवाददाता
झारखंड सरकार के राजस्व निबंधन एवं भूमि सुधार तथा परिवहन विभाग के मंत्री दीपक बिरुवा के नाम से सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाए जाने का मामला सामने आया है। इस नकली पेज के माध्यम से असामाजिक तत्व लोगों को ठगने की कोशिश कर रहे हैं। खुद मंत्री दीपक बिरुवा ने इस पूरे मामले की जानकारी सार्वजनिक करते हुए आम जनता को सतर्क किया है और स्पष्ट कहा है कि इस फर्जी अकाउंट से उनका कोई लेना-देना नहीं है। मंत्री ने लोगों से अपील की है कि वे इस पेज के जरिए किसी भी प्रकार का लेन-देन न करें और किसी भी जानकारी या संदेश पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करें। उन्होंने कहा कि कुछ अपराधी उनके नाम और पहचान का गलत इस्तेमाल कर क्रय-विक्रय से संबंधित बातचीत कर रहे हैं, जिससे आम लोग भ्रमित हो रहे हैं। इस गंभीर मामले को लेकर मंत्री ने झारखंड पुलिस से तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही दोषियों को पकड़ने का भरोसा दिलाया है। मंत्री ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट साझा करते हुए सभी मित्रों, जानने वालों और आम जनता को आगाह किया है कि यह फर्जी अकाउंट पूरी तरह झूठा और भ्रामक है। उन्होंने अपनी पोस्ट में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी टैग करते हुए इस साइबर ठगी के प्रयास पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

