गोविंदपुर हत्या कांड का 24 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना पुलिस ने सनसनीखेज हत्या मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने विशेष छापेमारी टीम का गठन कर इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 13 जनवरी की रात गोविंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कासमार गांव के पास बाड़ी घाटी रोड किनारे एक युवक का शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान अजय श्रीवास्तव के रूप में की गई थी। मामले की जांच के दौरान यह सामने आया कि आपसी रंजिश और पैसों के विवाद के चलते युवक की हत्या की गई।
जांच में यह भी पता चला कि मृतक और आरोपियों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। घटना से कुछ दिन पूर्व भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश के कारण आरोपियों ने साजिश रचकर अजय श्रीवास्तव की निर्मम हत्या कर दी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सिद्धार्थ कुमार और राहुल कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक चाकू, मृतक से निकाले गए 11 हजार 580 रुपये, एक मोबाइल फोन, घटना के समय पहना गया जैकेट और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

