गम्हरिया प्रखंड सह अंचल कार्यालय से एसी का आउटर यूनिट चोरी अज्ञात चोरों के खिलाफ आदित्यपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गम्हरिया। बीते बुधवार की रात चोरों ने गम्हरिया प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन में चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए सभागार में लगे एयरकंडीशनर का आउटर यूनिट चोरी कर लिया। दो दिनों के अवकाश के बाद गुरुवार को जब कार्यालय खुला, तब प्रखंड कर्मियों को चोरी की जानकारी मिली।
जांच के दौरान प्रखंडकर्मियों ने छत पर जाकर देखा कि एसी कंप्रेसर के अलावा कई बिजली उपकरणों के तार भी टूटे हुए हैं। इसके बाद मामले की सूचना अंचल अधिकारी सह प्रभारी प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार को दी गई।
इस संबंध में अंचल अधिकारी की ओर से आदित्यपुर थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

