दोमुहानी टुसु घाट पर विराट टुसु मेले की धूम, नाचते-गाते लोगों की उमड़ी भीड़
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के सोनारी दोमुहानी स्थित टुसु घाट पर बुधवार को झारखंडी लोक संस्कृति की भव्य झलक देखने को मिली। झारखंड सांस्कृतिक कला केंद्र की ओर से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी विराट टुसु मेले का आयोजन किया गया, जिसमें झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओड़िशा से लाई गईं आकर्षक टुसु प्रतिमाएं लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं।

मेले के दौरान बेहतर टुसु प्रतिमा और उसकी प्रस्तुति को लेकर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से आई टीमों ने भाग लिया। इसके साथ ही झारखंडी पारंपरिक नृत्य एवं लोक संगीत की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। ढोल, मांदर और नगाड़ों की गूंज के बीच कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिस पर दर्शक झूमते नजर आए। पूरे झारखंड की सांस्कृतिक विविधता एक ही मंच पर देखने को मिली।

प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय, सांसद विद्युत वरण महतो, हिदायतुल्ला खान, राजू गरी, कुणाल सारंगी, सुमन महतो सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
आयोजन समिति के अध्यक्ष मोहन कर्मकार ने कहा कि टुसु पर्व झारखंड की पहचान है और ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवा पीढ़ी को अपनी लोक संस्कृति से जोड़ने का संदेश दिया जाता है। टुसु पर्व के इस भव्य आयोजन ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि झारखंड की लोक संस्कृति आज भी जनमानस में जीवंत है और ऐसे मेले आने वाली पीढ़ियों को अपनी जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनते हैं।

