13–14 जनवरी को दोमुहानी संगम महोत्सव का भव्य आयोजन, 5100 दीपों से सजेगा स्वर्णरेखा तट
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।दोमुहानी घाट, सोनारी में आगामी 13 एवं 14 जनवरी 2026 को दोमुहानी संगम महोत्सव 2026 का भव्य एवं दिव्य आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर सोमवार को दोमुहानी घाट पर आयोजित पत्रकार वार्ता में संचालन समिति के सदस्यों मनोज सिंह, शम्भु नाथ सिंह, उपेन्द्र सिंह मस्तान, मृत्युंजय सिंह, पप्पू सिंह एवं किन्नर समाज की महामंडलेश्वर अमरजीत गिल ने संयुक्त रूप से जानकारी दी।
13 जनवरी को महोत्सव का शुभारंभ नदी पूजन एवं पर्यावरण विषयक गोष्ठी से होगा। इसके बाद स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा सांस्कृतिक संध्या में लोक गायक सोनू सिंह दुलरुवा की प्रस्तुति होगी। साथ ही समाज व धर्म के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा।
14 जनवरी को चित्रांकन प्रतियोगिता, महिलाओं की मेहंदी प्रतियोगिता तथा संध्या में मुख्य आकर्षण मां स्वर्णरेखा की भव्य गंगा आरती होगी। इस दौरान जम्मू वाले बाबा का सानिध्य प्राप्त होगा। आरती स्थल को 5100 दीपों से सजाया जाएगा, जिससे नदी तट दीपोत्सव में बदल जाएगा।
आयोजन समिति के अनुसार इस वर्ष महोत्सव में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। महोत्सव का उद्देश्य नदी एवं पर्यावरण संरक्षण को धर्म, आस्था और संस्कृति से जोड़ते हुए जनजागरण करना तथा शहरवासियों को अपने ही नगर में काशी–बनारस व हरिद्वार जैसा दिव्य अनुभव प्रदान करना है।

