75वीं स्टील सिटी गोल्फ चैंपियनशिप में 250 से अधिक गोल्फर आजमाएंगे किस्मत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। प्रतिष्ठित स्टील सिटी गोल्फ टूर्नामेंट का 75वां (प्लैटिनम जुबिली) संस्करण 16 से 18 जनवरी 2026 तक जमशेदपुर में आयोजित होगा। वर्ष 1951 से चली आ रही इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता में इस बार देशभर से 250 से अधिक गोल्फर हिस्सा लेंगे।

टूर्नामेंट का आयोजन बिष्टुपुर स्थित 18-होल बेल्डीह गोल्फ कोर्स और गोलमुरी गोल्फ कोर्स में संयुक्त रूप से किया जाएगा। पटना, भुवनेश्वर, पारादीप, रांची, दिल्ली समेत कई शहरों के खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
आयोजन की जिम्मेदारी गोल्फ कैप्टन डी. बी. सुंदर रमण, गोल्फ सचिव नीरज कुमार सिन्हा और सीईओ एलन सिंह के नेतृत्व में निभाई जा रही है। प्रतियोगिता के दौरान आकर्षक पुरस्कारों के साथ 16 जनवरी को बारबेक्यू डिनर, 17 जनवरी को गाला लंच व डिनर और 18 जनवरी को समापन समारोह आयोजित होगा।
प्लैटिनम जुबिली वर्ष के उपलक्ष्य में हेरिटेज शोकेस, विशेष सम्मान समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजन का हिस्सा रहेंगे, जिससे यह संस्करण यादगार बनने जा रहा है।

