इंस्टीट्यूट फॉर एजुकेशन में एआई और प्रौद्योगिकी पर अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला के बिजय गांव स्थित इंस्टीट्यूट फॉर एजुकेशन में 9 से 10 जनवरी तक दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। संगोष्ठी का विषय “कृत्रिम बुद्धिमत्ता और सतत प्रौद्योगिकियों में उभरते नए आयाम” है, जिसमें देश-विदेश के शिक्षाविद एवं विशेषज्ञ भाग लेंगे।
कॉलेज के चेयरमैन आर.एन. महांती, निदेशक डॉ. शुक्ला महांती और प्राचार्या डॉ. स्वीटी सिन्हा ने बताया कि यह संगोष्ठी झारखंड विज्ञान प्रौद्योगिकी एवं नवाचार परिषद द्वारा प्रायोजित है। उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि खरसावां के विधायक दशरथ गागराई होंगे। मलेशिया की डिजिटल टेक्नोलॉजी पहांग यूनिवर्सिटी से मजलिना अब्दुल माजिद की-नोट एड्रेस देंगी।
संगोष्ठी में एआई, डेटा साइंस, जलवायु परिवर्तन, नवाचार, स्टार्ट-अप, शिक्षा, स्वास्थ्य, नवीकरणीय ऊर्जा और सतत विकास जैसे विषयों पर चार तकनीकी सत्र होंगे। साथ ही पुस्तकों व जर्नल्स का विमोचन भी किया जाएगा।

