डिमना चौक के पास कार में लगी भीषण आग, यात्री बाल-बाल बचा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के मानगो से डिमना चौक की ओर जाने वाली सड़क पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे खड़ी एक कार में अचानक भीषण आग लग गई। स्थानीय लोगों के अनुसार कार के बोनट से पहले धुआं निकलता दिखा और कुछ ही क्षणों में आग की लपटें उठने लगीं।
कार में सवार यात्री ने समय रहते खतरे को भांपते हुए तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और महज दो मिनट के भीतर कार धू-धूकर जलने लगी। घटना के कारण कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।
सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, हालांकि आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से हादसा हुआ होगा।

