बर्मामाइंस में पार्किंग के विरोध में उबाल, धूल-जाम-दुर्घटनाओं से त्रस्त लोग सड़कों पर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।बर्मामाइंस क्षेत्र में धूल प्रदूषण, लगातार लगने वाले सड़क जाम और बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं से परेशान स्थानीय लोगों का आक्रोश बुधवार को एक बार फिर सामने आया। टाटा स्टील प्रबंधन द्वारा बर्मामाइंस दुर्गा पूजा मैदान में भारी वाहनों की पार्किंग बनाने के प्रयास का बस्ती बचाओ संघर्ष समिति और स्थानीय निवासियों ने जोरदार विरोध किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान के बजाय पूजा मैदान को व्यावसायिक पार्किंग में बदलने की कोशिश की जा रही है, जो स्वीकार्य नहीं है। आज टाटा स्टील के पदाधिकारियों के साथ कथित असामाजिक तत्वों द्वारा मैदान में बड़ी गाड़ियां खड़ी करने के प्रयास को लोगों ने रोक दिया।
विरोध में रामबाबू तिवारी, सतबीर सिंह, रितेश झा, दीपक झा, शशि सिंह, सौरव श्रीवास्तव, भोला सिंह, अनिल सिंह, गुड्डू सिंह सहित सैकड़ों बस्तीवासी शामिल रहे।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से धूल प्रदूषण, ट्रैफिक जाम और सड़क सुरक्षा पर तत्काल ठोस कार्रवाई की मांग की है, चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज होगा।

