गणतंत्र दिवस 2026: जिला स्तरीय समारोह की तैयारी तेज, गोपाल मैदान में होगा आयोजन.
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार गणतंत्र दिवस 2026 के जिला स्तरीय समारोह की तैयारी को लेकर समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त श्री नागेन्द्र पासवान ने की। इसमें एसडीएम धालभूम, सिविल सर्जन, एसओआर, नजारत उप समाहर्ता, डीटीओ सहित प्रशासनिक, पुलिस एवं विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन गोपाल मैदान, बिष्टुपुर में किया जाएगा, जहां सुबह 9:05 बजे झंडोतोलन होगा। समारोह के दौरान जैप-6, जिला पुलिस बल, गृह रक्षक, एनसीसी (महिला/पुरुष) एवं स्काउट एंड गाइड सहित कुल आठ प्लाटून परेड में भाग लेंगी, वहीं विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक झांकियां भी प्रस्तुत की जाएंगी।
परेड का पूर्वाभ्यास 20 एवं 21 जनवरी को पुलिस लाइन गोलमुरी, 22 जनवरी को गोपाल मैदान में तथा 24 जनवरी को गोपाल मैदान में ही फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की जाएगी, जिसका निरीक्षण जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक संयुक्त रूप से करेंगे।
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर 25 जनवरी को टाउन हॉल, सिदगोड़ा में सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं देशभक्ति गीत-संगीत पर अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके साथ ही सभी सरकारी भवनों एवं कार्यालयों में झंडोतोलन, महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण तथा राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों की साफ-सफाई के निर्देश दिए गए हैं। समारोह स्थल पर साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था, एंबुलेंस एवं अग्निशमन जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभागों को दायित्व सौंपे गए हैं।

