निजी नर्सिंग होम की कार्यशैली पर सख्त हुए सिविल सर्जन, HMIS रिपोर्ट अपलोड न करने पर चेतावनी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा संचालित हेल्थ मैनेजमेंट इनफार्मेशन सिस्टम (HMIS) पोर्टल पर मासिक प्रतिवेदन ऑनलाइन अपलोड नहीं करने पर सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने निजी नर्सिंग होम व अस्पतालों की कार्यशैली पर सख्त रुख अपनाया है।
वर्तमान में HMIS पोर्टल पर एक गैर सरकारी इम्यूनाइजेशन सेंटर और 12 निजी अस्पताल पंजीकृत हैं, जिन्हें प्रत्येक माह की 5 तारीख तक ऑनलाइन प्रतिवेदन अपलोड करना अनिवार्य है। इसके बावजूद कुल आठ निजी संस्थानों द्वारा अब तक प्रतिवेदन समर्पित नहीं किया गया है। इनमें टीएसयूआईएसएल इम्यूनाइजेशन, एपेक्स अस्पताल, डॉ. अभिषेक चाइल्ड केयर एंड मैटरनिटी अस्पताल, होली केयर अस्पताल एंड रिसर्च सेंटर, सहारा नर्सिंग एंड रिसर्च सेंटर, वरदान मैटरनिटी एंड नर्सिंग होम, डॉ. हरपाल सिंह सर्जिकल नर्सिंग होम और उमा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल शामिल हैं।
सिविल सर्जन ने सभी संबंधित संस्थानों को निर्देश दिया है कि वे 31 दिसंबर 2025 तक लंबित प्रतिवेदन HMIS पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करें। इसकी सूचना उपायुक्त एवं राज्य मुख्यालय को भी भेज दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में लापरवाही पाए जाने पर क्लीनिकल इस्टैब्लिशमेंट एक्ट के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

