परिसदन जमशेदपुर में विधानसभा की पर्यावरण एवं प्रदूषण नियंत्रण समिति की समीक्षा बैठक
राष्ट्र संवाद संवाददाता |
जमशेदपुर:विधानसभा की पर्यावरण एवं प्रदूषण नियंत्रण समिति ने परिसदन, जमशेदपुर में जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक की अध्यक्षता विधायक श्री उदय शंकर सिंह ने की, जबकि विधायक श्रीमती श्वेता सिंह एवं पोटका विधायक श्री संजीव सरदार भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिला खनन पदाधिकारी से जिले में संचालित खदानों एवं राजस्व संकलन की स्थिति की जानकारी ली गई। पदाधिकारी ने बताया कि लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रह किया जा रहा है तथा अवैध खनन में संलिप्त लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर वाहनों की जब्ती और जुर्माना वसूली की गई है। समिति ने बालू घाटों की वर्तमान स्थिति की भी समीक्षा की।
प्रदूषण नियंत्रण विभाग से औद्योगिक इकाइयों में प्रदूषण की स्थिति पर चर्चा करते हुए समिति ने सभी कारखानों में एयर पॉल्यूशन कंट्रोल यूनिट अनिवार्य रूप से लगाने, मानकों के अनुरूप संचालन, पौधारोपण, चाहरदीवारी निर्माण एवं सड़कों पर नियमित पानी छिड़काव के निर्देश दिए।
श्रम अधीक्षक को मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी सुनिश्चित कराने तथा नियोजन पदाधिकारी को स्थानीय लोगों को 75 प्रतिशत रोजगार देने के प्रावधानों का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया गया। स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों से निकलने वाले बायो-मेडिकल वेस्ट का वैज्ञानिक तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके अलावा पेयजल, डीएमएफटी, भू-अर्जन, नगर निगम सहित अन्य विभागों की भी समीक्षा की गई। बैठक में अपर उपायुक्त, सिविल सर्जन, विभिन्न विभागों के अधिकारी, नगर निकाय प्रतिनिधि एवं सभी जिलास्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।

