भाजपा का बड़ा फैसला: नितिन नबीन बने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास अर्जुन मुंडा के साथ नेताओं ने दी बधाई
राष्ट्र संवाद संवाददाता
नई दिल्ली/पटना।भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा संगठनात्मक फैसला लेते हुए बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का नया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। वे इस पद पर जेपी नड्डा का स्थान लेंगे। भाजपा के इस निर्णय को संगठन को नई दिशा देने वाला कदम माना जा रहा है।
नितिन नबीन बिहार की राजनीति का जाना-पहचाना नाम हैं। वे वर्तमान में बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री हैं और बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक रह चुके हैं। 2025 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने भारी मतों से जीत दर्ज की। इससे पहले भी वे नगर विकास एवं आवास तथा कानून एवं न्याय मंत्री के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
संगठन में भी उनकी भूमिका अहम रही है। वे भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री, बिहार प्रदेश अध्यक्ष, सिक्किम के प्रभारी और छत्तीसगढ़ के सह-प्रभारी रह चुके हैं। सड़क निर्माण, शहरी विकास और जनहित से जुड़े फैसलों के कारण उनकी अलग पहचान बनी है।
नितिन नबीन की नियुक्ति पर भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और अर्जुन मुंडा प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले सांसद विद्युत वरण महतो कालीचरण सिंह सहित प्रदेश, जिला और राष्ट्रीय स्तर के कई नेताओं ने उन्हें बधाई दी और इसे संगठन के लिए मजबूत कदम बताया।

