जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराधी को किया गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: गुप्त सूचना के आधार पर जामताड़ा साइबर अपराध थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। यह छापेमारी पुनि-सह-थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने थाना क्षेत्र के ब्लॉक रोड स्थित कृष्णकुंज मोहल्ले में बासुदेव दास के घर पर छापा मारा।
पुलिस ने साइबर अपराध करते हुए बासुदेव दास (उम्र 33 वर्ष), पिता कमल किशोर दास, को मौके से गिरफ्तार किया। अभियुक्त का स्थायी पता ग्राम सुगापहाड़ी, थाना करमाटांड़, जिला जामताड़ा है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 10 मोबाइल फोन, 8 सिम कार्ड, 15 एटीएम कार्ड, 10 चेकबुक, एक आधार कार्ड, एक पैन कार्ड और एक वोटर कार्ड बरामद किया।
जांच में सामने आया कि अभियुक्त एक्सिस बैंक एवं अन्य बैंकों के नाम पर KYC अपडेट या रिन्यूअल कराने का झांसा देकर लोगों से संपर्क करता था। इसके बाद वह पीड़ितों के मोबाइल में स्क्रीन शेयरिंग ऐप डाउनलोड करवा कर उनकी गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल करता और साइबर ठगी को अंजाम देता था।
इस मामले में जामताड़ा साइबर अपराध थाना कांड संख्या 73/25, दिनांक 13.12.2025 के तहत BNS 2023, आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट 2023 की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है।

