15 दिसंबर से धान खरीद की तैयारी पूरी, 2450 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा समर्थन मूल्य
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिला प्रशासन के निर्देश पर जिला पंचायती राज कार्यालय में धान क्रय को लेकर एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला आपूर्ति पदाधिकारी कयूम अंसारी ने की। इसमें आगामी 15 दिसंबर से अधिकृत किसानों से धान खरीद शुरू करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में 28 लैम्प्स (LAMPs) के अध्यक्ष एवं सचिव, 5 राइस मिलों के प्रतिनिधि, आपूर्ति विभाग के पदाधिकारी, ऑपरेटर तथा लैम्प्स के लिए प्रतिनियुक्ति पर्यवेक्षक के रूप में पंचायत सचिव एवं जन सेवक उपस्थित रहे। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने राज्य सरकार के संकल्प का उल्लेख करते हुए बताया कि इस वर्ष धान की खरीद 2450 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों को धान बेचने के 48 घंटे के भीतर एकमुश्त राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।
धान क्रय प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए सभी किसानों से 4जी ई-पॉस मशीन के माध्यम से बायोमैट्रिक सत्यापन कर धान खरीदा जाएगा। बैठक के दौरान धान क्रय से संबंधित हैंड ऑन ट्रेनिंग भी दी गई, ताकि किसी प्रकार की तकनीकी परेशानी न हो।
डीएसओ ने जिले के किसानों से अपील की कि वे बिचौलियों के झांसे में न आएं और सीधे अपने नजदीकी धान अधिप्राप्ति केंद्रों पर धान बेचें, जिससे उन्हें सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य का पूरा लाभ मिल सके। बैठक में सभी संबंधितों को धान क्रय व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए।

