जामताड़ा में जिला पर्यटन संवर्धन परिषद की बैठक; करमदहा मेला और चंचला महोत्सव को राजकीय दर्जा दिलाने की दिशा में पहल
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिला पर्यटन संवर्धन परिषद की शासी निकाय की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त ने की। बैठक में जिले में पर्यटन विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं, प्रस्तावों और अधिसूचित स्थलों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने नए पर्यटक स्थलों के अधिसूचित करने, ट्रैकिंग रूट एवं अन्य स्थलों के भूमि प्रतिवेदन शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि नारायणपुर प्रखंड का 15 दिवसीय करमदहा मेला तथा जामताड़ा सदर प्रखंड में आयोजित मां चंचला महोत्सव को राजकीय मेला/महोत्सव का दर्जा दिलाने हेतु विभाग को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
लादना डैम के संपूर्ण पर्यटकीय विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए पार्क संचालन हेतु आउटसोर्सिंग एजेंसी चयन, सीसीटीवी अधिष्ठापन तथा आवंटन के अनुरूप कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही अन्य अधिसूचित स्थलों के लिए भूमि प्रतिवेदन उपलब्ध कराने हेतु संबंधित अंचल अधिकारियों से पुनः पत्राचार करने को कहा गया।
देवेलेश्वर धाम मंदिर के सौंदर्यीकरण और पर्यटक सुविधाओं के विकास हेतु प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए गए। विद्यासागर की कर्मस्थली, मां चंचला चौक एवं पर्वत विहार पार्क के सौंदर्यीकरण पर भी विमर्श किया गया। मालंचा पहाड़ में पिकनिक और प्रचार-प्रसार गतिविधियों को बढ़ावा देने का निर्देश दिया गया।

