पोटका को मिली बड़ी सौगात: सदर अस्पताल जमशेदपुर में 100 बेड का आधुनिक प्री फैब्रिकेटेड हॉस्पिटल और सिकल सेल लैब शुरू
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देते हुए सदर अस्पताल, खासमहल में 100 बेड वाले प्री-फैब्रिकेटेड हॉस्पिटल तथा अत्याधुनिक सिकल सेल एनीमिया प्रयोगशाला का बुधवार को विधिवत उद्घाटन किया गया।
राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं में हो रहा सकारात्मक सुधार, गाँव ग्रामीण को पहुँच रही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ – डॉ इरफ़ान अंसारी
इसके उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा—
“झारखंड सरकार पूरे राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। 100 बेड वाले इस फ़ील्ड हॉस्पिटल से इलाज की क्षमता कई गुना बढ़ेगी। हमारा लक्ष्य है कि झारखंड का कोई भी नागरिक इलाज के अभाव में परेशान न हो। आने वाले समय में और भी उन्नत सुविधाएँ राज्यभर में स्थापित की जाएंगी। हेमंत सरकार राज्य में विकास की गति बढ़ा रही है और ख़ास कर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ, शिक्षा और रोज़गार की दिशा में काम हो रहा है”
पोटका वासियो को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं – संजीव सरदार
उद्घाटन समारोह में अपने संबोधन के दौरान विधायक संजीव सरदार ने कहा—
“मेरे पोटका विधानसभा के लोगों के लिए यह वास्तव में ऐतिहासिक क्षण है। सदर अस्पताल में इस अत्याधुनिक फ़ील्ड हॉस्पिटल और सिकल सेल लैब की स्थापना से सबसे अधिक लाभ मेरे क्षेत्र के ही मरीजों को मिलेगा, क्योकि उनके ही क्षेत्र में यह खुला है और गाँव ग्रामीण से लोग इलाज के लिए अधिकतर यहीं आते हैं। यह सुविधा मिलने से समय और धन दोनों की बचत होगी। मैं राज्य सरकार और स्वास्थ्य मंत्री का हृदय से धन्यवाद देता हूँ कि उन्होंने पोटका को प्राथमिकता देते हुए इतनी बड़ी स्वास्थ्य सुविधा दी।”

