जामताड़ा में स्वच्छ हरित विद्यालय पुरस्कार के लिए 8 स्कूलों का चयन
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा : उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में स्वच्छ हरित विद्यालय पुरस्कार के जिला स्तरीय चयन समिति की बैठक समाहरणालय में आयोजित की गई। बैठक में स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रैंकिंग 2025 के छह मानकों—जल, शौचालय, साबुन से हाथ धोना, संचालन एवं अनुरक्षण, व्यवहार परिवर्तन एवं क्षमता निर्माण, तथा मिशन लाइफ गतिविधियों—पर विस्तृत चर्चा की गई।
समिति की बैठक में जिला परिषद उपाध्यक्ष फूल कुमारी, सिविल सर्जन आनंद मोहन सोरेन, जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेम्ब्रम, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के जूनियर इंजीनियर जमशेद आलम, शिक्षक विद्या सागर, सर्वेश्वर दर्वे और जीशु हेम्ब्रम शामिल हुए। एसएसए की ओर से एपीओ रश्मि एक्का और फील्ड मैनेजर वरुण कुमार ने ऑनलाइन पोर्टल से संबंधित सभी आवश्यक डेटा प्रस्तुत किया। समिति के सदस्यों ने विद्यालयों द्वारा उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों और प्रगति रिपोर्ट का परीक्षण किया।
विस्तृत समीक्षा के बाद समिति ने सर्वसम्मति से 8 विद्यालयों का चयन किया, जिनमें 6 ग्रामीण एवं 2 शहरी विद्यालय शामिल हैं। इन्हें जिला स्तरीय पुरस्कार के लिए अनुशंसित करते हुए राज्य स्तरीय पुरस्कार हेतु भी नामांकित किया जाएगा।
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि चयनित विद्यालय पूरे जिले के लिए प्रेरक उदाहरण हैं और अन्य विद्यालयों को भी इन मानकों पर उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि सभी विद्यालयों ने स्व-मूल्यांकन कर पोर्टल पर आवेदन किया था, जिनका परीक्षण निर्धारित मूल्यांकनकर्ताओं द्वारा किया गया।

