झारखंड विधानसभा की शीतकालीन सत्र तैयारी पर उच्च-स्तरीय बैठक
राष्ट्र संवाद सं
रांची: झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने अपने कार्यालय कक्ष में शीतकालीन सत्र की तैयारी को लेकर उच्च-स्तरीय बैठक की। बैठक सुबह 11:30 बजे शुरू हुई, जिसमें 5 दिसंबर 2025 से प्रारंभ होने वाले सत्र के सुचारु संचालन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया कि स्वीकृत अल्पसूचित और तारांकित प्रश्नों के उत्तर निर्धारित तिथि से एक दिन पूर्व शाम 4 बजे तक विधानसभा सचिवालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। सत्रावधि के दौरान दीर्घा में वरीय पदाधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य करने पर भी जोर दिया गया।
शून्यकाल से जुड़ी लंबित सूचनाओं तथा ध्यानाकर्षण प्रस्तावों के उत्तर समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में यह भी तय किया गया कि जिन विधेयकों को सदन में प्रस्तुत किया जाना है, उनकी प्रति और संबंधित मंत्री का पत्र सत्र में निर्धारित तिथि से तीन दिन पूर्व सचिवालय को भेजा जाए, ताकि सदस्यों को विधेयकों का समय से वितरण हो सके। संशोधन विधेयक की स्थिति में मूल अधिनियम की पाँच प्रतियाँ सचिवालय को उपलब्ध कराना आवश्यक होगा।
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, कार्यपालक दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति और वाहनों के आवागमन से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई। इसमें संसदीय कार्यमंत्री, मुख्य सचिव, विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी और रांची जिला प्रशासन शामिल थे।

