चांडिल की निकिता जालान को दीक्षांत समारोह में राज्यपाल ने गोल्ड मेडल से नवाज़ा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल — कोल्हान विश्वविद्यालय के छठे दीक्षांत समारोह में चांडिल की होनहार बेटी निकिता जालान ने अपनी प्रतिभा का डंका बजा दिया। बैचलर ऑफ कॉमर्स में विश्वविद्यालय टॉपर रहने वाली निकिता को बुधवार, 26 नवंबर 2025 को चाईबासा में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल संतोष गंगवार ने गोल्ड मेडल से नवाज़ा।
समारोह के दौरान जब निकिता का नाम मंच से घोषित हुआ, तो सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। चांडिल निवासी नीलकमल जालान की बेटी निकिता ने सिंहभूम कॉलेज, चांडिल के तहत पढ़ाई करते हुए उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन कर यह उपलब्धि हासिल की है।
राज्यपाल ने निकिता को मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे मेधावी छात्र-छात्राएँ राज्य का नाम रोशन करते हैं और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनते हैं।

