जिले में नशामुक्ति अभियान तेज, एनकोर्ड समिति की बैठक में कड़े निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद की अध्यक्षता में जिला एनकोर्ड (NCORD) समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी और दुरुपयोग रोकने से संबंधित बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
उपायुक्त ने अधिकारियों से जिले में नशे से जुड़े हालात की जानकारी ली और स्पष्ट कहा कि युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए निरंतर कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अवैध शराब, अफीम, गांजा, भांग, सिरप, सूखा नशा और अन्य प्रतिबंधित पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने का निर्देश दिया। साथ ही यह भी कहा कि सरकारी अनुज्ञप्ति प्राप्त दुकानों को छोड़कर कहीं भी शराब की अवैध बिक्री न हो, इसके लिए लगातार छापेमारी जरूरी है।
त्योहारों के मद्देनज़र उपायुक्त ने विशेष सतर्कता बरतने और नशामुक्ति जागरूकता अभियान को तेज करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि स्कूलों और कॉलेजों के 100 मीटर दायरे में किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ की बिक्री नहीं होनी चाहिए। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और शैक्षणिक संस्थानों में विशेष ड्राइव चलाने का निर्देश भी दिया गया।
इसके अतिरिक्त मेडिकल दुकानों में औचक जांच कर प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री रोकने पर भी जोर दिया गया। बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

