आदित्यपुर निवासी रवि पर अज्ञात युवकों द्वारा नहाते वक्त हुआ चापड़ से हमला
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला खरसावां जिला के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत इंदिरा बस्ती रोड नंबर 5 स्थित हरि ओम नगर में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज हमला सामने आया है। स्थानीय निवासी रवि साहनी पर नहाते समय दो युवकों ने अचानक चापड़ से हमला कर दिया जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस को दिए आवेदन में रवि ने बताया कि वे सुबह लगभग 9:30 बजे घर के सामने बने बाथरूम में नहा रहे थे तभी राज नाग और मनसू मंडल वहां पहुंचे और बिना किसी पूर्व विवाद के उन पर चापड़ से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में रवि की आंख के ऊपर और माथे पर गहरे घाव आए। घायल रवि किसी तरह जान बचाकर दौड़ते हुए बाहर आए और पड़ोसियों की मदद से आदित्यपुर शहरी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर प्राथमिक उपचार कराया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित ने पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। आदित्यपुर थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हमले के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है लेकिन पुलिस हमलावरों की तलाश में लगी हुई है।

