डायलिसिस सेंटर में मिली लापरवाही, डीडीसी रीना हांसदा ने दिए सुधार के निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला। मंगलवार को सरायकेला की उप विकास आयुक्त (डीडीसी) रीना हांसदा ने सदर अस्पताल स्थित डायलिसिस सेंटर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह, अस्पताल प्रबंधक संजीत राय और डॉ. अनिर्वाण महतो भी मौजूद रहे।
जांच के दौरान डीडीसी ने सेंटर में कई अनियमितताएं पाई, जिस पर उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने पाया कि दो डायलिसिस मशीनें होने के बावजूद सिर्फ एक मरीज उपचार ले रहा है। डीडीसी ने इसे अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही और प्रचार-प्रसार की कमी का परिणाम बताया।
इसके अलावा भवन की दीवारों में दरारें, रजिस्टर का ठीक से मेंटेन न होना और वेस्ट मैनेजमेंट के प्रति प्रबंधन की अनभिज्ञता भी सामने आई। डीडीसी ने कहा कि एमओइ उपलब्ध न होने के कारण गहन जांच संभव नहीं हो सकी और एमओइ उपलब्ध होने पर आगे की जांच की जाएगी।
इन्हीं कमियों को लेकर डीडीसी ने सिविल सर्जन को फटकार लगाते हुए सभी व्यवस्थाओं को जल्द से जल्द दुरुस्त करने का निर्देश दिया। इस दौरान ब्लड बैंक का भी निरीक्षण किया गया और संबंधित जानकारी ली गई। फिलहाल अस्पताल प्रबंधन को निर्धारित समय सीमा में सुधार कार्य पूरा करने को कहा गया है।

