सांसद खेल महोत्सव: 23 नवंबर को जमशेदपुर में होगी 5 किमी मैराथन
सांसद बिद्युत बरण महतो ने की भागीदारी की अपील
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत आज सांसद कार्यालय में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि 23 नवंबर को JRD स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, जमशेदपुर में 5 किमी की मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में रिपोर्टिंग सुबह 5:00 बजे और दौड़ का प्रारंभ 6:00 बजे होगा। प्रवेश निःशुल्क रहेगा। प्रतिभागियों के लिए चेस्ट नंबर, पानी, स्नैक्स, हाइड्रेशन पॉइंट और मेडिकल सहायता की व्यवस्था की जाएगी।
पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों में शीर्ष 5 विजेताओं को पुरस्कार राशि और सम्मान दिया जाएगा। इस अवसर पर जमशेदपुर के राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करेंगे।
बैठक में स्कूलों, स्पोर्ट्स संस्थानों, आर्मी कैंप, स्काउट एंड गाइड, जय हो संगठन, भारत अकादमी आदित्यपुर और आम नागरिकों से अधिकाधिक भागीदारी का आह्वान किया गया।
सांसद बिद्युत बरण महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की भावना “फिट युवा, विकसित भारत” के अनुरूप यह आयोजन सेहत और खेल के प्रति जागरूकता का संदेश देगा। उन्होंने नागरिकों से बड़ी संख्या में भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
बैठक में संजीव कुमार, राजीव कुमार, नागेंद्र पांडेय, अमरजीत सिंह राजा, मनोज सिंह, प्रभाकर प्रसाद, मारूति नंदन पांडेय और शशि सिंह उपस्थित रहे।

