जमशेदपुर के जुगसलाई में धूमधाम से मनाया जा रहा है 26वां मंगसीर नवमी उत्सव
बाजे-गाजे के साथ निकाली गई कलश यात्रा, श्रद्धालु झूमते-गाते दिखे
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जुगसलाई में रानी सती सत्संग समिति द्वारा 26वां मंगसीर नवमी महोत्सव बड़े हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। पहले दिन बुधवार को बाजे-गाजे और रानी सती दादी की प्रतिमा के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर पूरे जुगसलाई क्षेत्र का भ्रमण किया। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भजन गाते और झूमते हुए रानी सती दादी की आराधना में लीन नजर आए।
समिति के अध्यक्ष अनिल रिंगसिया ने बताया कि आज कलश यात्रा का आयोजन किया गया। गुरुवार को दूसरे दिन मंगल पाठ का आयोजन होगा, जिसमें स्थानीय महिला श्रद्धालुओं के साथ बाहर से आए कलाकार भी शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि शाम को भजन संध्या का आयोजन भी किया गया है, जिसमें भक्तजन भक्ति रस में सराबोर होंगे।

