22 साल बाद वासेपुर लौटेगा ‘फैज़ल खान’, हाई कोर्ट ने फहीम खान की रिहाई का दिया आदेश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
धनबाद के वासेपुर का कुख्यात गैंगस्टर फहीम खान, जिस पर आधारित फिल्म “गैंग्स ऑफ वासेपुर” में नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने ‘फैज़ल खान’ का किरदार निभाया था, 22 साल बाद जेल से रिहा होने जा रहा है।
झारखंड हाई कोर्ट ने जस्टिस अनिल कुमार चौधरी की अदालत में सुनवाई के दौरान फहीम खान की उम्र (75 वर्ष) और गंभीर बीमारियों को देखते हुए राज्य सरकार को छह सप्ताह के भीतर रिहाई का आदेश दिया है। वह फिलहाल जमशेदपुर की घाघीडीह जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा था।
फहीम खान पर तीन दर्जन से अधिक आपराधिक मामले, जिनमें हत्या, रंगदारी और आपराधिक साजिश जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। 1989 में सगीर हसन सिद्दीकी हत्याकांड में उन्हें उम्रकैद हुई थी। इसके अलावा रेलवे ठेकेदार इरफान खान और धीरेंद्र प्रताप सिंह की हत्या के मामलों में भी उनका नाम रहा।
फहीम खान की रिहाई की खबर फैलते ही वासेपुर में खुशी और हलचल दोनों का माहौल है। लोग मिठाइयाँ बाँटते नज़र आए, वहीं प्रशासन चौकन्ना हो गया है।
फिल्म “गैंग्स ऑफ वासेपुर 2” का मशहूर डायलॉग — “बाप का, दादा का, भाई का, सबका बदला लेगा रे तेरा फैज़ल” — एक बार फिर वासेपुर की गलियों में गूंज रहा है।

