मोकामा के दुलारचंद यादव हत्याकांड में बड़ा एक्शन, पूर्व विधायक अनंत सिंह गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पटना। मोकामा में जन सुराज समर्थक बाहुबली नेता दुलारचंद यादव की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। जदयू प्रत्याशी और मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह को पुलिस ने शुक्रवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने अनंत सिंह की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई चुनाव आयोग के निर्देश पर की गई है। एसएसपी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम ने अनंत सिंह को बाढ़ स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया। इसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच उन्हें पटना लाया जा रहा है। पूरे रास्ते में पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है।
डीजीपी विनय कुमार ने बताया कि मोकामा क्षेत्र को हाई अलर्ट पर रखा गया है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए बाढ़ में अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया है। इस मामले की मॉनिटरिंग आईजी जितेंद्र राणा स्वयं कर रहे हैं।
दुलारचंद यादव की हत्या के बाद से मोकामा का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। बताया जा रहा है कि उनकी हत्या के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई थी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई में तेजी लाई।

