घाटशिला में विकास की अनदेखी पर बरसे पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा: घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर प्रचार अभियान तेज़ हो गया है। कुल 13 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं और सभी को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जा चुके हैं। शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा नेता चंपई सोरेन ने जादूगोड़ा स्थित यूसिल अस्पताल शहीद चौक पर चुनाव प्रचार के दौरान सभा को संबोधित किया।
उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “पूरे घाटशिला क्षेत्र में सड़क और शुद्ध पेयजल की भारी समस्या है। जनता मूलभूत सुविधाओं से वंचित है, जबकि सरकार विकास के नाम पर केवल वादे कर रही है।”
चंपई सोरेन ने कहा कि झारखंड अलग राज्य बनने का उद्देश्य जनहित और विकास था, लेकिन वर्तमान सरकार उस लक्ष्य से भटक गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा यदि इस सीट से जीतती है तो सड़क और पानी की समस्या समाधान उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
उन्होंने घुसपैठियों के बढ़ते प्रभाव पर चिंता जताते हुए कहा कि “आदिवासियों की जमीन पर बाहरी लोग कब्ज़ा कर रहे हैं, जिससे घाटशिला की पहचान बदल रही है।” उन्होंने इस पर कड़ा नियंत्रण जरूरी बताया।
गौरतलब है कि घाटशिला उपचुनाव में इस बार दो सोरेन परिवारों की साख दांव पर है। भाजपा से बाबूलाल सोरेन, जबकि विपक्ष से सोमेश सोरेन मैदान में हैं। भाजपा ने बाबूलाल सोरेन की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन सहित पूरा संगठन झोंक दिया है।

