छठ घाटों पर युवकों का कब्जा, हजारों में बेचे जा रहे स्थान — सख्त हुई जमशेदपुर पुलिस, दोषियों पर होगी कार्रवाई
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : लोकआस्था के महापर्व छठ की शुरुआत के साथ ही शहर में नदी घाटों की सजावट और साफ-सफाई का कार्य जोरों पर चल रहा है। जिला प्रशासन द्वारा स्वर्णरेखा और खरकई नदी घाटों को आकर्षक रूप से संवारा जा रहा है ताकि व्रतधारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसी बीच कुछ स्थानीय युवकों की टोली द्वारा घाटों पर कब्जा कर उन्हें पैसे लेकर बेचे जाने की शिकायतें सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि ये युवक घाटों के स्थानों को एक हजार से लेकर डेढ़ हजार रुपये तक में बेंच रहे हैं। यह कृत्य श्रद्धालुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ के रूप में देखा जा रहा है।
जैसे ही यह जानकारी सिटी एसपी कुमार शिवाशीष को मिली, उन्होंने तुरंत सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्र के नदी घाटों पर नजर रखें और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई करें।
सिटी एसपी ने कहा, “मीडिया से सूचना मिली है कि कुछ युवक घाटों को छेककर बेच रहे हैं। ऐसे लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। जिला प्रशासन सभी घाटों को साफ-सुथरा और सुरक्षित बना रहा है। व्रतधारी बिना डर के घाटों पर आएं और भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करें।”
उन्होंने आम जनता से अपील की कि यदि कोई युवक घाट पर पैसे मांगता है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, पुलिस तत्परता से कार्रवाई करेगी। सिटी एसपी ने कहा कि जमशेदपुर पुलिस छठव्रतियों के साथ है और पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराना ही प्राथमिकता है।

