शिक्षा विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम — नाला एवं कुंडहित में अतिरिक्त वर्ग कक्षों का शिलान्यास
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: 25 अक्टूबर 2025 को नाला प्रखंड में शिक्षा के क्षेत्र में एक उल्लेखनीय पहल की गई। इस अवसर पर झारखंड विधानसभा अध्यक्ष माननीय रबीन्द्रनाथ महतो के कर-कमलों द्वारा दो प्रमुख विद्यालयों में अतिरिक्त वर्ग कक्षों का शिलान्यास संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के तहत +2 उच्च विद्यालय, नाला में आधुनिक मॉडल के चार अतिरिक्त वर्ग कक्षों का निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया, जिससे विद्यार्थियों को अब और भी बेहतर शिक्षण वातावरण मिलेगा। इसके उपरांत +2 सिंह वाहिनी उच्च विद्यालय, कुंडहित में भी अतिरिक्त वर्ग कक्षों के निर्माण का शिलान्यास किया गया।महतो ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही समाज की सच्ची प्रगति का आधार है। सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी शैक्षिक सुविधाओं का विस्तार कर हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है। उन्होंने लोगों से बच्चों की शिक्षा के प्रति सजग रहने की अपील की।
कार्यक्रम में कुंडहित के प्रखंड विकास पदाधिकारी मोहम्मद जमाले राजा, कुंडहित सिंह वाहिनी प्लास टू विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मंतोष कुमार मंडल,कुंडहित के झामुमो प्रखंड अध्यक्ष ऑफिसर हेम्ब्रम, प्रखंड सचिव कुतुबुद्दीन खान,फतेहपुर प्रखंड अध्यक्ष अशोक महतो,झामुमो युवा नेता सेख मुर्सलीम, कांग्रेस नेत्री पूर्णिमा धर,झामुमो के कर्मठ नेता परिमल मंडल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षक, छात्र-छात्राएँ एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को क्षेत्रीय शिक्षा विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया और विधानसभाध्यक्ष का आभार व्यक्त किया।

