सरायकेला में अवैध पत्थर खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई — लाखों का खनिज और मशीनें जब्त
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर शुक्रवार, 24 अक्टूबर 2025 को जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में खनन विभाग की टीम ने सरायकेला थाना एवं स्थानीय पुलिस बल के सहयोग से मौजा जोरडीहा (मुड़कुम) क्षेत्र में औचक निरीक्षण अभियान चलाया।
अभियान के दौरान टीम को अवैध पत्थर खनन, भंडारण और परिवहन का बड़ा जाल मिला। मौके पर से दो हाइड्रोलिक एक्सकैवेटर, दो ड्रिलिंग मशीनें और करीब 32,500 घनफीट पत्थर खनिज बरामद किया गया।
चूंकि खनन स्थल पर कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए गए, इसलिए सभी खनिज और यंत्रों को जब्त कर सरायकेला थाना को सुपुर्द कर दिया गया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में अग्रेतर विधिक कार्रवाई जारी है और अवैध खनन में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कदम उठाए जाएंगे।
अभियान में खनन विभाग के अधिकारी, पुलिस बल और स्थानीय प्रशासन की टीम मौजूद रही। उपायुक्त ने कहा कि अवैध खनन पर किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और जिले में नियमित रूप से ऐसे निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे।

