घाटशिला उपचुनाव : 14 में से 1 प्रत्याशी ने वापस लिया नाम, अब 13 उम्मीदवार मैदान में
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर :घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के लिए नाम वापसी की अंतिम तिथि शुक्रवार को समाप्त हो गई। 14 प्रत्याशियों में से एक प्रत्याशी ने अपना नाम वापस ले लिया, जिसके बाद अब 13 प्रत्याशी चुनावी मैदान में रह गए हैं। इनमें 12 पुरुष और 1 महिला उम्मीदवार शामिल हैं।
मतदान 11 नवंबर को होगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर को जमशेदपुर के बिस्टुपुर स्थित कोऑपरेटिव कॉलेज में की जाएगी।
अब तक 2.73 करोड़ रुपये की जब्ती
जमशेदपुर के उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान अब तक चेकिंग के माध्यम से लगभग 2 करोड़ 73 लाख रुपये की राशि जब्त की गई है।
उन्होंने बताया कि यदि यह रकम वैध साबित होती है, तो संबंधित व्यक्तियों को इसे वापस कर दिया जाएगा।
सुरक्षा को लेकर चाक-चौबंद व्यवस्था
निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतज़ाम किए गए हैं।
सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स की 10 कंपनियाँ सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगी। इसके अलावा राज्य पुलिस बल और होमगार्ड के जवानों की भी तैनाती रहेगी।
निष्पक्ष मतदान की तैयारी पूरी
डीसी कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि जिला प्रशासन निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने मतदाताओं से निर्भय होकर मतदान करने की अपील की और बताया कि मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं।

