मिल्लत नगर में गोलीकांड, युवक गंभीर रूप से घायल — क्षेत्र में दहशत का माहौल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जुगसलाई थाना क्षेत्र के मिल्लत नगर में शुक्रवार की देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अचानक गोली चलने की आवाज गूंजी। फायरिंग की इस घटना में स्थानीय युवक जफर अली उर्फ राजू गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जफर अली अपने घर के पास खड़ा था, तभी अज्ञात हमलावरों ने उसे निशाना बनाकर फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। गोली लगते ही क्षेत्र में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। आसपास के लोगों ने तुरंत घायल युवक को टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह घटना पुरानी रंजिश या आपसी विवाद से जुड़ी हो सकती है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही संभव होगा। इस सिलसिले में पुलिस ने कुछ संदिग्ध युवकों से पूछताछ शुरू कर दी है।
गोलीकांड के बाद मिल्लत नगर में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है।
वहीं, थाना प्रभारी ने नागरिकों से संयम बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।

