संथाल बाहुल्य क्षेत्रों में ‘सागुन सोहराई’ पर्व की धूम, सांसद जोबा माझी ने की पशुधन की पूजा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के संथाल बाहुल्य गांवों में इन दिनों पारंपरिक महापर्व ‘सागुन सोहराई’ उल्लास और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। बुधवार को चक्रधरपुर नगर के पोटका संथाल बस्ती में इस अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें सिंहभूम की सांसद जोबा माझी भी शामिल हुईं।
सांसद ने पारंपरिक परिधान में समाज की महिलाओं के साथ गाय, बैल सहित पशुधन की पूजा-अर्चना की और उनकी आरती उतारी। इस दौरान ग्रामीणों ने ढोल और मांदर की थाप पर पारंपरिक नृत्य किया, जिससे पूरा माहौल उत्सवमय बन गया।
सांसद जोबा माझी ने कहा कि ‘सोहराई’ संथाल समुदाय का प्राचीन पर्व है, जो पशुधन के सम्मान और परिवार की सुख-समृद्धि का प्रतीक है। इस दिन लोग पशुओं की आराधना कर उनके अच्छे स्वास्थ्य और समृद्ध जीवन की कामना करते हैं।

