जमशेदपुर में उप नगर आयुक्त की अध्यक्षता में समन्वय बैठक, नागरिक सुविधाओं को लेकर हुई विस्तृत चर्चा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) के उप नगर आयुक्त की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्री आर. के. सिंह, महाप्रबंधक, टाटा यूआईएसएल, श्री अमित कुमार, हेड – लैंड एंड मार्केट, टाटा स्टील, तथा विशेष पदाधिकारी, सिटी मैनेजर एवं सहायक अभियंता, जेएनएसी उपस्थित रहे।
बैठक में शहर की विभिन्न नागरिक सुविधाओं और आधारभूत संरचना से संबंधित मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। मुख्य एजेंडा बिंदुओं में डीएमएम लाइब्रेरी में विद्युत एवं जलापूर्ति की व्यवस्था, सीटी/पीटी सर्वे एवं Aspirational Toilet परियोजना की प्रगति, वाटर एटीएम की कार्यशीलता एवं रखरखाव के लिए बिजली व जल कनेक्शन, शौचालय निरीक्षण टीम का गठन (जिसमें जुस्को, जेएनएसी एवं सुलभ इंटरनेशनल के प्रतिनिधि शामिल रहेंगे), बस स्टैंड से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा, प्रमुख सड़कों पर नो पार्किंग ज़ोन का सीमांकन तथा वेंडिंग ज़ोन के विकास की रूपरेखा पर चर्चा शामिल रही।
उप नगर आयुक्त ने बैठक में निर्देश दिया कि सभी विभाग एवं संबंधित एजेंसियां निर्धारित कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करें तथा नागरिक सुविधाओं के सुचारू संचालन के लिए आपसी समन्वय बनाए रखें।

