सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स में दिवाली मेला : स्थानीय कामगार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के तत्वावधान में स्थानीय कामगार महिलाओं को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से चैंबर भवन में दिवाली मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिले के सांसद विद्युत वरण महतो एवं जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस आयोजन का उद्देश्य प्रधानमंत्री के “लोकल फ़ॉर वोकल” के सपने को साकार करना और महिलाओं को अपने हुनर के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान करना है। मेले में मुख्य रूप से स्थानीय महिलाओं को एक ऐसा मंच दिया गया है, जहां वे अपने द्वारा निर्मित हस्तशिल्प, सजावटी सामान, दीपक, गृह उपयोगी वस्तुएं आदि प्रदर्शित एवं विक्रय कर सकती हैं।
मेले में विभिन्न स्टॉलों पर दीपावली से जुड़ी वस्तुओं की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई है, जिससे न केवल महिलाओं को आर्थिक सहयोग मिलेगा बल्कि उन्हें स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ने का भी प्रोत्साहन मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने महिलाओं द्वारा निर्मित वस्तुओं की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

