जामताड़ा में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन, एसपी ने दिए कड़े निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: पुलिस अधीक्षक (एसपी) राज कुमार मेहता जामताड़ा की अध्यक्षता में शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मासिक अपराध गोष्ठी सह समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारी, प्रभाग निरीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (नाला एवं जामताड़ा), पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सहित विभिन्न शाखाओं के प्रभारी शामिल हुए।
बैठक में सितंबर माह के दौरान अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था की स्थिति, लंबित कांडों के निष्पादन और अनुसंधान की गुणवत्ता पर विस्तार से समीक्षा की गई।
—
एसपी ने दिए सख्त निर्देश
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों और पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले में लंबित कांडों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने साइबर अपराध से जुड़े मामलों में तेजी लाने, महिला उत्पीड़न और पॉक्सो कांडों की जांच 50 दिनों के भीतर पूर्ण कर आरोपपत्र समर्पित करने का आदेश दिया।
एसपी ने कहा कि अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार लाकर अभियुक्तों को न्यायालय से सजा दिलाना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।
साथ ही कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत क्षेत्र में डायन-बिसाही, महिला उत्पीड़न एवं साइबर अपराध जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया।
—
सीसीटीवी और अवैध कारोबार पर सख्ती
बैठक में सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र के व्यावसायिक स्थलों पर अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया गया, ताकि अपराधों पर नियंत्रण रखा जा सके।
एसपी ने अवैध कोयला, बालू, पत्थर खनन एवं परिवहन पर रोक लगाने और अवैध शराब व मादक पदार्थों के खिलाफ सघन अभियान चलाने का आदेश दिया।
इसके साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु वाहन जांच अभियान चलाने और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध एमवी एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
—
त्योहारों के मद्देनज़र विशेष समीक्षा
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने बताया कि महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, झारखंड के निर्देशानुसार उन्होंने चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों के साथ बैठक की है।
इस दौरान आगामी दुर्गापूजा, दीपावली और छठ पर्व के अवसर पर जिले में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने की रणनीति पर चर्चा की गई।
एसपी ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहारी सीजन में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचने के लिए सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य करें।

