फतेहपुर में उपायुक्त ने लगाया कैंप कार्यालय, सुनी लोगों की समस्याएं
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: फतेहपुर प्रखंड मुख्यालय में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद ने कैंप कार्यालय का आयोजन कर आम जनता की समस्याएं सुनीं। सुदूरवर्ती इलाकों से आए ग्रामीणों ने आवास, पेंशन, अबुआ आवास, मईया सम्मान योजना, पशु शेड आदि से जुड़ी शिकायतें रखीं। उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।
कैंप के दौरान पेंशन से जुड़े छह मामलों का ऑन द स्पॉट निष्पादन करते हुए लाभुकों को स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। उपायुक्त ने कहा कि जिले के ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय नहीं आना पड़े, इसी उद्देश्य से प्रखंडों में कैंप आयोजित किए जा रहे हैं।
अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर उपायुक्त ने झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, फतेहपुर की छात्राओं को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि बालिकाओं के सर्वांगीण विकास हेतु प्रशासन और समाज को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, सिविल सर्जन आनंद मोहन सोरेन, प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रेम कुमार दास सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।

