उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सदर अस्पताल, सरायकेला का किया औचक निरीक्षण, रात्रिकालीन चिकित्सा सेवाओं में सुधार के दिए निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह ने मंगलवार को सदर अस्पताल, सरायकेला का औचक निरीक्षण कर अस्पताल प्रबंधन को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर की स्वच्छता, बुनियादी सुविधाओं, चिकित्सकों की उपस्थिति और उपकरणों के प्रभावी उपयोग की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण में मरीजों ने शिकायत की कि रात्रि में चिकित्सक उपलब्ध नहीं रहते और एम्बुलेंस सेवा समय पर नहीं मिलती, जिससे आपातकालीन स्थिति में परेशानी होती है। इस पर उपायुक्त ने सिविल सर्जन और अस्पताल उपाधीक्षक को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि रात्रिकालीन ड्यूटी में चिकित्सकों की उपस्थिति अनिवार्य होगी। भविष्य में किसी भी चिकित्सक या उपाधीक्षक की लापरवाही पाई गई तो कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने अस्पताल में स्वच्छता, उपकरण रखरखाव, मरीजों की बुनियादी सुविधाएँ, चिकित्सकीय सेवाओं का प्रभावी उपयोग और चिकित्सकों के व्यवहार को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एम्बुलेंस सेवाओं का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए और चिकित्सक क्वार्टरों की मरम्मत कर उन्हें आवासीय उपयोग हेतु तैयार रखा जाए।
साथ ही उन्होंने यह निर्देश भी दिए कि जिन चिकित्सकों की पदस्थापना सरायकेला-खरसावाँ जिले में है, किन्तु वे जिले के बाहर निवास करते हैं, उन्हें हाउस रेंट अलाउंस (HRA) न दी जाए और वे अस्पताल परिसर या आसपास ही निवास करें, ताकि उनकी उपलब्धता हमेशा बनी रहे।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन आम नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और स्वास्थ्य व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

